सहारनपुर में सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने इलाज के नाम पर रुपये मांगने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सिर्फ आंकड़ेबाजी नहीं होनी चाहिए, धरातल पर भी काम दिखना चाहिए। कैराना सांसद हुकुम सिंह ने भी लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक की सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने अध्यक्षता की। कैराना सांसद हुकम सिंह भी बैठक में शामिल हुए। राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि अधिकारी विकास योजनाओं को धरातल पर लाएं। योजनाओं का लाभ हर उस दूरदराज पर बैठे व्यक्ति के मिले, जो उसके लिए पात्र हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने के निर्देश देते हुए चिकित्सकों की रोटेशन में तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला महिला अस्पताल में प्रशांत कुमार वर्मा नामक व्यक्ति की पत्नी की डिलीवरी होने पर एएनएम के द्वारा अवैध धनराशि मांगने पर नाराजगी व्यक्त की और कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ब्लड बैंक की खामियों को दूर करने के लिए कहा।
उन्होंने ग्रामीण पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं व विद्युत विभाग के कार्यों को लक्ष्य तथा मानक के अनुरूप ना कराए जाने पर पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होेंने कहा कि हिंडन के किनारे बसे गांवों के हैंडपंपों में आयरन की मात्रा अधिक होने से ग्रामीणों के रोग ग्रस्त हो रहे हैं। इन गांवों का पानी पीने लायक नहीं है।
ग्रामीणों को शुद्ध जल की आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। कैराना के सांसद हुकुम सिंह ने विद्युत अनुरक्षण ठीक प्रकार से नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों से होने वाली हानि को रोकने के लिए तत्काल चिह्नित गांवों में तारों को बदलवाया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्युत उपकेंद्र पर अवैध धनराशि मांगे जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। भ्रष्टाचार में लिप्त आउट सोर्सिंग या स्थाईकर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं से कहा कि वह टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें।
शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश तभी होगा, जब हम बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएंगे। विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं और एक-एक अधिकारी विद्यालयों को गोद लेकर कार्य करे।
जिलाधिकारी पीके पांडेय ने बैठक में लिए गए निर्णयों पर अमल करने के लिए सभी अधिकारियों से कहा। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि माजिद कुरैशी, मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।