शाकंभरी। सहारनपुर लोकसभा सीट से सांसद इमरान मसूद एवं एमएलसी शाहनवाज खान ने गांव अलीपुर भागूवाला एवं नागल माफी पहुंच ग्रामीणों की विद्युत, पेयजल आदि समस्याओं को सुना। सबसे अधिक बिजली-पानी की समस्याएं आईं। नेताओं ने जल निगम की निर्माणाधीन पेयजल योजना का निरीक्षण कर जल्द ही अधिकारियों को इसका कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गांव अलीपुर भागूवाला के ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कटौती हो रही है, जिस पर सांसद ने अधिशासी अभियंता भीष्म कुमार से जानकारी ली। अभियंता ने बताया कि रोस्टिंग के चलते बिजली कटी हुई है।
उन्होंने तभी ट्रांसमिशन के अधिकारियों से बात कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई। सर्वाधिक शिकायत जल निगम की रहीं। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत उनके गांव सहित पूरे घाड़ क्षेत्र के गांवों की सीसी रोड को उखाड़कर रास्ते खराब कर दिए हैं। पेयजल की पुरानी पाइपलाइन भी बेकार कर दी गई। इसके बावजूद अधिकतर पेयजल योजनाएं अधूरी पड़ी हैं।