सहारनपुर। कुक्कुट पालन और अंडा उत्पादन में सहारनपुर मंडल प्रदेश में पहले स्थान पर है। इस कारोबार को विस्तार देने के लिए मंडल में 100 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी है। मंगलवार को हुए प्रथम मंडलीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव में विभिन्न उद्यमियों और कुक्कुट पालकों ने निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कॉन्क्लेव का दिल्ली रोड स्थित सभागार में हुआ। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि कुक्कुट विकास नीति के तहत सहारनपुर प्रदेश में कुक्कुट विकास और अंडा उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। पोल्ट्री कारोबार ग्रामीण परिवारों को प्रोटीनयुक्त आहार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के अवसर भी देता है। इससे लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। कॉन्क्लेव में 25 से अधिक कंपनियों ने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों और तकनीकों की जानकारी दी। पशुपालन विभाग के अपर निदेशक ग्रेड-1 डॉ. बृजेश त्रिपाठी और उपनिदेशक कुक्कुट ने कुक्कुट विकास नीति-2022 की जानकारी दी।
पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, मथुरा के प्रोफेसर डॉ. अमिताभ भट्टाचार्य ने पोल्ट्री कारोबार में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया। लीड बैंक प्रबंधक और बैंक प्रतिनिधियों ने कुक्कुट विकास नीति के तहत ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। सफल पोल्ट्री फार्मरों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान विभिन्न उद्यमियों और कुक्कुट पालकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अपर निदेशक ग्रेड-2 डॉ. समदर्शी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह, डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. गौरव तिवारी, डॉ. अमित कुमार यादव, बिजेंद्र कुमार, जगत सिंह, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।