नानौता। अयातुल्ला अली खामनेई के निधन की खबर के बाद नगर में बिना अनुमति निकाले गए शोक जुलूस के मामले में पुलिस ने 26 नामजद सहित 150 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बताया गया कि अयातुल्ला अली खामनेई के निधन की सूचना के बाद रविवार देर रात कुछ लोगों ने नगर में शोक व्यक्त करते हुए अमेरिका व इजरायल के खिलाफ नारेबाजी कर जुलूस निकाला। उस समय जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू थी, जिसके चलते पुलिस ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया। जुलूस नगर के मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और शोक प्रकट किया गया। बिना अनुमति जुलूस निकालने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।
पुलिस ने बताया कि बबलू जैदी, अफजाल, तफसील हैदर, आमिल, सलमान मलिक, मौहम्मद मेंहदी, पयाम हैदर, असलम, उमर, बूटा राव सहित 26 नामजद तथा 150 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।