काबीना मंत्री साहब सिंह सैनी ने सोमवार को दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट कॉलोनी के निकट निरस्त रेलवे लाइन की भूमि पर पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सभी को पौधारोपण करने का संकल्प लेना चाहिए।
सोमवार को काबीना मंत्री साहब सिंह सैनी ने जिले में एक दिन में 9,80,700 पौधे लगाने के अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही प्रदूषण को कम करने में कारगर साबित होते हैं। प्रदेश में आज 5 करोड़ पौधे रोपकर विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए शुद्ध हवा बेहद जरूरी है।
वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। अभियान के तहत कमिश्नर एमपी अग्रवाल, डीआईजी जितेंद्र कुमार शाही, जिलाधिकारी पवन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वेदप्रकाश सिंह, गौकरणदत्त शर्मा आदि ने भी निरस्त रेलवे लाइन की भूमि पर पौधारोपण किया।
प्रत्येक व्यक्ति लगाए एक पौधा
सहारनपुर। पीजी पायस इंटर कॉलेज गागलहेडी में पौधारोपण किया गया। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी यश कुमार, कालेज प्रबंधक पंकज गर्ग और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। वन विभाग के निरीक्षक विक्रम सिंह यादव ने विद्यालय को पौधों का वितरण किया।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी यश कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन मे एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इस अवसर पर प्रधानाचार्या नीतू वालिया, मनोज यादव, राजकुमार, संदीप, कुलदीप आदि मौजूद रहे। उधर, मोन्ट फोर्ट स्कूल गागलहेड़ी में पौधारोपण किया गया।
जेवी जैन कॉलेज कॉलेज में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष कुलभूषण जैन ने पौधारोपण किया। कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की आवश्यकता है। पेड़ पौधे वातावरण से कार्बन डाई ऑक्साइड को सोखते है। जिससे पर्यावरण शुद्ध होता है।
प्रधानाचार्य अतुल जैन ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधे लगाने के साथ उनको कटने से भी बचाना है। सुरेंद्र केला, दीपक गुप्ता, प्रदर्शन जैन, रमेश जैन, पंकज जैन, पूजा जैन आदि मौजूद रहे।
उधर, जेवी जैन डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा की ओर से पौधारोपण किया गया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मोहित शर्मा, जिला सचिव रहमान चौधरी, जुनेद सिद्दीकी, काजी फहाद, अब्दुल समद, असफन, राहुल पंवार आदि मौजूद रहे।
देवबंद में 2200 पौधे रोपित
देवबंद। उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष हुलाशराय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सरकार की महत्वकांक्षी योजना ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के अंतर्गत सोमवार को सहारनपुर जनपद में करीब 10 लाख पौधे रोपित किए गए हैं। जिनमें देवबंद में 2200 पौधे देवबंद-मंगलौर मार्ग पर लगाए गए हैं।
देवबंद में पहला पौधा रोपित करते हुए हुलाशराय सिंघल ने कहा कि जनपद में 141 स्थानों पर 9 लाख 80 हजार 700 पौधे एक दिन के भीतर रोपित किए गए हैं। पौधों का रोपण होने के बाद वन विभाग उनकी तारबंदी भी करेगा। इतना ही नहीं तीन साल तक इन पौधों का देखभाल की जिम्मेदारी विभाग को सौंपी गई है।
उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने पर जोर दिया। रेंजर धनीराम ने बताया कि शीशम, जामुन, अर्जुन, कंजी, नीम, चकरेसिया, पीपल, पिलखन आदि के पौधे रोपित किए गए हैं। इस मौके पर राजबल सिंह, राजेंद्र कुमार, सूरज कुमार, नंदन सिंह राणा, राधा, ममता, अमजद आदि मौजूद रहे।
जेवी इंटर कॉलेज राज्जुपुर स्थित विद्यालय परिसर को हरा भरा बनाए रखने के लिए विभिन्न पौधे रोपित किए गए। प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने छात्रों को वृक्षों से होने वाले लाभ की जानकारी दी। इस मौके पर अश्वनी कुमार, मांगेराम, बालेश कुमार, रेखा रानी, प्रतिभा आदि मौजूद रहे।