सहारनपुर। पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा जनपद के सभी 35 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा ली गई। खास बात यह रही कि करीब परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थियों से अधिक परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या रही। पहली पाली में 45.72 और दूसरी पाली में 44.68 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए।
पहली पाली सुबह 9:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक चली। इसके लिए दूरदराज के अभ्यर्थी सुबह आठ बजे से ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। केंद्रों में प्रवेश के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। स्टाफ द्वारा मोबाइल आदि सामग्री बाहर ही रखवा ली गई। साथ ही कुछ अभ्यर्थियों की तलाशी भी ली गई। केंद्रों पर परीक्षा सामग्री सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशासन से मिले निर्देश अनुसार प्रात: 5:30 बजे ही कोषागार के डबल लॉक पहुंच गए थे। पहली पाली में कुल 16,749 अभ्यर्थियों में से 7,659 ने परीक्षा दी, जबकि 9,090 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई। यह शाम 4:30 बजे तक चली। परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी समय से करीब एक घंटा पहले केंद्रों पर पहुंच गए थे। दूसरी पाली में कुल 16,749 अभ्यर्थियों में से 7,484 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 9,265 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रश्न पत्र को लेकर अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया
पर्यावरण संबंधी प्रश्न दोहराए
गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में पीसीएस की परीक्षा देने पहुंचे सोनू कुमार ने पहली पाली के प्रश्न पत्र को सामान्य बताया। उनका कहना है कि जिसने थोड़ी भी अच्छी तैयारी की है तो उसे प्रश्न पत्र हल करने में परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बीते वर्ष आए पर्यावरण संबंधी प्रश्न इस बार फिर से पूछे गए हैं।
प्रश्न पत्र आसान आया
बेहट रोड निवासी मोहतसिम ने बताया कि परीक्षा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था अच्छी रही। समय से सब चीजें होती चली गईं। उससे भी अच्छा यह रहा कि प्रश्न पत्र आसान आया। उन्होंने बताया कि चार से पांच सवालों को छोड़कर शेष प्रश्न पत्र को हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
प्रश्न हल करने में परेशानी नहीं हुई
करुणा शर्मा ने इस बार के प्रश्न पत्र को अच्छा बताया, लेकिन बीते वर्ष की तुलना में कठिन बताया। उनका कहना है कि प्रश्न पत्र हल करने में उनको कोई खास परेशानी नहीं हुई।
प्रश्न हल करने में नहीं आई परेशानी
सहारनपुर निवासी निक्की गुरु नानक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची थीं। परीक्षा देकर बाहर निकल रही निक्की के चेहरे पर खुशी सब कुछ बयां कर रही थी। निक्की ने बताया कि उनकी परीक्षा बहुत ही अच्छी रही। पूरे प्रश्न पत्र को हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा सभी 35 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा ली गई है। इसके सफल आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से कड़े बंदोबस्त किए गए थे। जिसकी वजह से कोई परेशानी नहीं हुई। पहली पाली में 45.72 और दूसरी पाली में 44.68 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।-रविदत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक
मोहतशिन- फोटो : SAHARANPUR
करूणा शर्मा- फोटो : SAHARANPUR
निक्की- फोटो : SAHARANPUR
एसएएम इंटर कॉलेज पर पीसीएस परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी के साथ बच्चे- फोटो : SAHARANPUR
एसएएम इंटर कॉलेज पर पीसीएस परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी की चेकिंग करते शिक्षक- फोटो : SAHARANPUR
एसएएम इंटर कॉलेज पर पीसीएस परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी- फोटो : SAHARANPUR
एसएएम इंटर कॉलेज पर पीसीएस परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी- फोटो : SAHARANPUR
एसएएम इंटर कॉलेज पर पीसीएस परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी की थर्मेल स्क्रीनिंग करते कर्मी- फोटो : SAHARANPUR