सहारनपुर। खलासी लाइन उप डाकघर में वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि उप डाकघर के तत्कालीन उप डाकपाल और डाक सहायक समेत एक महिला एजेंट ने मिलकर 89 फर्जी निवेश के माध्यम से 71.455 रुपये का गबन किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डाक विभाग के निरीक्षक मनीष कुमार राणा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि राजकुमार धीमान वर्तमान में रामपुर उप डाकघर में डाक सहायक (एलएसजी) के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्होंने एक जनवरी 2022 से 31 मार्च 2023 तक खलासी लाइन उप डाकपाल रहते हुए गबन किया। इस दौरान उनके साथ तत्कालीन डाक सहायक रवि कुमार, पंजीकृत एसएएस एजेंट सोनी शामिल थीं।
तीनों पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय अभिकर्ता एजेंसी के नाम से फर्जी निवेश दर्शाकर विभाग से कमीशन के रूप में 75,545 रुपये की धनराशि प्राप्त की। आरोप यह भी है कि इन खातों में जमा की गई राशि पर किसी भी प्रकार की अधिकृत एजेंट रसीद संख्या अंकित नहीं थी, जो नियम विरुद्ध है। निरीक्षक ने डाक विभाग के 89 खातों की सूची भी साक्ष्य के रूप में दी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।