सहारनपुर। आबकारी विभाग की ई-लॉटरी के लिए नोडल अधिकारी बनाए गए प्रमुख सचिव कृषि की देखरेख में बृहस्पतिवार को जनमंच प्रेक्षागृह में शराब की दुकानों की आवंटन प्रक्रिया पूरी हुई। 50 से अधिक महिलाओं की लॉटरी लगी। अब ठेकेदारों को तीन दिन में लाइसेंस की फीस जमा करनी है।
बृहस्पतिवार को जनमंच प्रेक्षागृह में आबकारी विभाग की ओर से शराब की दुकानों का आवंटन किया गया। शासन की ओर से नोडल अधिकारी नामित किए गए प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र कुमार की देखरेख में समिति ने दोपहर दो बजे से ई-लाटरी के माध्यम से जिले की 306 शराब दुकानों का आवंटन कराया। दुकानों के लिए विभाग के पास 4749 आवेदन मिले थे। इनमें देशी शराब दुकानों के लिए आवेदन अधिक रहे। 175 दुकानों के लिए 3352 आवेदन हुए थे। कंपोजिट शराब की दुकान 124 दुकानों के लिए 1343 आवेदन प्राप्त हुए थे। चार मॉडल शॉप के लिए 43 आवेदन और भांग की तीन दुकानों के लिए कुल 11 आवेदन मिले थे।
रामपुर मनिहारान द्वितीय में देशी शराब दुकानों के लिए सबसे ज्यादा 79 आवेदन आए थे। अब नई आबकारी नीति के तहत एक अप्रैल से अंग्रेजी शराब और बीयर एक ही दुकान पर बिकेगी। जिन लोगों के नाम दुकानें आवंटित हुई हैं, उन्हें तीन दिन के अंदर लाइसेंस फीस जमा करानी होगी। 50 से अधिक महिलाओं की भी लॉटरी लगी।
इस मौके पर डीएम मनीष बंसल, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, उप आबकारी आयुक्त सेवालाल, जिला आबकारी अधिकारी एमपी सिंह और आबकारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार, राजकमल सिंह, पंकज चौहान, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।