सहारनपुर। मनरेगा का राष्ट्रीय वार्षिक बजट दो लाख करोड़ रुपये करने सहित अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि वर्ष में 200 दिन काम और 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दिलाई जाए।
बृहस्पतिवार को खंड विकास अधिकारी बलियाखेड़ी ज्योतिबाला को सौंपे ज्ञापन में यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रवासी मजदूरों, खेत मजदूरों, दिहाड़ी एवं ग्रामीण मजदूरों को एकमुश्त 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाए। सभी गरीबों को प्रतिमाह 50 किलो खाद्यान्न, तीन किलो दाल, चीनी, खाने का तेल, नमक आदि निशुल्क दिलाने और आयकर के दायरे से बाहर वालों को 7500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता छह महीने तक दिलाने की मांग की। वहीं, विधवा, वृद्धा एवं विकलांग पेंशन को बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने, प्रदेश में बढ़ रही दलित एवं महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने और पंजीकृत श्रमिकों को सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी पक्षपात के दिलवाने की मांग की। इस दौरान जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार, राव दाउद खां, जयप्रकाश, सोनू कुमार आदि मौजूद रहे।