सहारनपुर। रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान विधायक देवेंद्र निम की आय बीते पांच साल में 12 लाख रुपये बढ़ गई है। उनकी पत्नी सीमा की आय पांच वर्ष पहले शून्य थी, जो अब सवा चार लाख की हो गई है। देवेंद्र निम ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। जिसमें दिए गए शपथ पत्र के अनुसार वर्ष 2017 में देवेंद्र निम की आय 9.56 लाख रुपये थी, जो अब बढ़ कर 21.94 लाख रुपये हो गई है। उनके पास साठ हजार रुपये और पत्नी के पास 50 हजार रुपये नकद है। उनके पास दो लग्जरी कार है, जिनमें 12 लाख की एक्सयूवी और तीन लाख की टाटा सफारी है। उनके नाम सवा एकड़ जमीन और पत्नी के नाम दो एकड जमीन है।उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
विधायक बृजेश की आय 59 हजार बढ़ी, मगर कार 15 लाख की
सहारनपुर। देवबंद सीट से भाजपा प्रत्याशी निवर्तमान विधायक बृजेश सिंह की आय बीते पांच साल में केवल 59 हजार रुपये बढ़ी, मगर उनके पास 15 लाख रुपये कीमत की महेंद्रा थार गाड़ी है। नामांकन पत्र दाखिल करते समय दिए गए शपथ पत्र में बृजेश सिंह ने अपनी आय 668570 दर्शायी है, जो पांच साल पहले 596938 रुपये थी। उनके पास नकद में दो लाख और पत्नी के पास एक लाख रुपये है। पत्नी की आय 4.8 लाख रुपये है, जो पांच साल पहले 2.8 लाख रुपये थी। उनके पास 22 लाख और पत्नी के पास 29 लाख रुपये कीमत के जेवरात है। उनके खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज है, जो कोर्ट में विचाराधीन है।