सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा की याचिका समिति की बैठक में विधायक आशु मलिक ने कैंसर बीमारी का मुद्दा उठाया। इस पर समिति अध्यक्ष सतीश महाना ने मामले की गंभीरता समझते हुए तीन सदस्यीय समिति को दौरा कर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
कार्यालय प्रभारी व प्रवक्ता फैसल सलमानी ने बताया कि लखनऊ स्थित विधान भवन में हुई बैठक में देहात विधायक आशु मलिक ने मुद्दा उठाया। कहा कि वर्ष 2022 से काली नदी, ढमोला नदी और हिंडन नदी के आसपास के क्षेत्रों में रहस्यमय तरीके से कैंसर की बीमारी तेजी से फैल रही है।
कई बार विधानसभा में और समिति की पिछली बैठक में भी इस संबंध में निर्देश दिए गए थे कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम जांच करे। पानी के सैंपल एकत्र करें। साथ ही मेडिकल कॉलेज में कैंप लगाकर लोगों की जांच की जाए लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं हुआ। यह समस्या केवल सहारनपुर विधानसभा तक सीमित नहीं है।
आस पास की विधानसभाओं और जनपदों में भी कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सभापति सतीश महाना ने निर्देशों के पालन न होने पर नाराजगी जताई। फैसला किया कि याचिका समिति के तीन सदस्य स्वयं सहारनपुर जाएंगे और पूरी जांच करेंगे।
लापरवाही बरतने वाले तथा गलत रिपोर्ट देकर समिति को गुमराह करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 15 दिन के अंदर रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। बैठक में जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी को तलब किया गया था।