पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्म दिवस कार्यक्रम में शमसुद्दीन राईन ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बसपा अकेले चुनाव, गठबंधन की बात चुनाव के बाद होगी।
बहुजन समाज पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने कहा कि गठबंधन को लेकर बहन मायावती का अनुभव अच्छा नहीं रहा है। ऐसे में पार्टी अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ेगी। रही बात गठबंधन की तो उस पर चुनाव के बाद विचार किया जाएगा। वह पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिवस पर सोमवार को सहारनपुर में दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
शमसुद्दीन राईन और नरेश गौतम ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। सत्ता में रहते हुए बहुजन समाज पार्टी की मंशा सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय की रही। अकेले बसपा ही है, जो सर्व समाज को साथ लेकर चल रही है।
उन्होंने कहा कि विरोधी दल कई बार बहुजन समाज पार्टी को मिटने का षडयंत्र रच चुकी हैं और रच रही हैं, लेकिन पार्टी आज भी खड़ी है। उन्होंने लोगों कार्यकर्ताओं से किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर शिविर लगाकर जन जन तक पार्टी की विचारधारा और बहनजी के संदेश को पहुंचाने की भी अपील की।
विज्ञापन
सहारनपुर लोक सभा प्रभारी माजिद अली, पूर्व एमलसी मेघरावज सिंह, पूर्व विधायक रविंद्र कुमार मोल्हू, देहात प्रभारी अजब सिंह, ऋषिपाल गौतम, मेहरबान आलम, एस आलम ने कहा कि बसपा ने अपनी पूर्व की सरकारों में सर्व समाज को भागीदारी दी है। भविष्य में भी बसपा सबको साथ लेकर चलेगी। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने की।