सहारनपुर। बच्चों और गर्भवतियों के संपूर्ण टीकाकरण के लिए जनपद में आज से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 4.0 शुरू हो रहा है। पहला चरण सात से 17 मार्च तक चलेगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों और गर्भवतियों को टीका लगाएंगी। इसके बाद दो चरण अप्रैल और मई में चलेंगे।
कोरोना के कारण बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण प्रभावित रहा है। जिसकी भरपाई के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 4.0 शुरू किया जा रहा है। यह तीन चरणों में चलेगा, जिसका पहला चरण सात मार्च यानी आज से शुरू हो रहा है। पहला चरण 17 मार्च तक चलेगा। दस मार्च को मतगणना के कारण अभियान नहीं चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले भर में प्रत्येक गली और मोहल्ले में जाकर टीकाकरण से छूटे शून्य से दो वर्ष तक के बच्चे और गर्भवतियों को छूटे हुए टीके और नियमित रूप से अपने समय पर लगने वाले टीके लगाएंगी। अभियान का दूसरा चरण चार अप्रैल और तीसरा चरण दो मई से चलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे कराकर शून्य से दो वर्ष की आयु तक के बच्चों और गर्भवतियों को चिह्नित किया है। शून्य से दो वर्ष की आयु के 25,418 बच्चे और गर्भवती 6,586 चिह्नित की गई है। यानी तीनों चरणों में इनको टीका लगाया जाना है।
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 4.0 का पहला चरण सात मार्च से शुरू हो रहा है। इसके तहत शून्य से दो वर्ष की आयु के बच्चों और गर्भवतियों को छूटे हुए टीके लगाए जाएंगे। बच्चों और गर्भवतियों को चिह्नित कर लिया है। टीमें मोहल्लों में जाकर टीका लगाएंगी। लोगों से अपील है कि वह अपने परिवार की गर्भवती और बच्चों को टीका लगवाएं।
- डॉ. सुनील कुमार वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी