रामपुर मनिहारान में पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया बदमाश
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। बृहस्पतिवार की शाम थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पकड़ा गया बदमाश नेपाल का रहने वाला है, जो सहारनपुर के मिशन कंपाउंड निवासी कपड़ा व्यापारी दुर्गेश ग्रोवर के मकान में 12 अप्रैल की रात हुई चोरी की घटना में शामिल था। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली कि सहारनपुर के मिशन कंपाउंड निवासी कपड़ा व्यापारी दुर्गेश ग्रोवर के मकान में चोरी की घटना को अंजाम देने में शामिल बदमाश दिल्ली रोड से सहारनपुर की तरफ आ रहा है। रामपुर मनिहारान थाना पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी करते हुए चुनहैटी के पास हाईवे के नीचे चेकिंग शुरू कर दी। रामपुर मनिहारान की तरफ से बाइक पर आए इस बदमाश को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो वह पुलिस पर फायरिंग करता हुआ, कंकरपुरी की तरफ भागने लगा। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने बदमाश को घेरकर उस पर जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल होकर बाइक समेत गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तुरंत अस्पताल ले गई। मुठभेड़ स्थल से पुलिस को 315 बोर का एक तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस और खोखे, बाइक व बैग बरामद हुआ। बैग में एक लाख 1500 रुपये का कैश था। पुलिस की गोली से घायल हुए बदमाश का नाम मोहन बहादुर पुत्र राम बहादुर निवासी नेपाल बताया गया है।