सहारनपुर में पेराई सत्र आरंभ हो चुका है लेकिन किसान अभी भी बकाया गन्ना मूल्य पाने के लिए तरस रहे हैं। मंडल की शुगर मिलें किसानों का 302 करोड़ रुपये से अधिक दबाए बैठी हैं।
बकाए पर ब्याज भी 67 करोड़ से अधिक हो चुका है। इसके अलावा मिलों पर गन्ना समितियों के भी 11 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है।मंडल में 16 शुगर मिलें हैं, इनमें से तीन सहकारी और 13 मिलें निजी क्षेत्र की हैं।
गन्ना खरीद अधिनियम के तहत मिल में गन्ना सप्लाई करने के 14 दिनों के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान करना होता है। इसके बाद भुगतान करने पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज लगाने का प्रावधान एक्ट में है।
गत पेराई सत्र मार्च में समाप्त हो गया था। इसके बावजूद मंडल की छह शुगर मिलें किसानों के 302 करोड़ रुपये से अधिक दबाए बैठी हैं। इसके अलावा बकाए पर ब्याज के 67 करोड़ 77 लाख रुपये भी मिलों पर हैं।
जबकि गन्ना समितियों के कमीशन का अवशेष 11 करोड़ 15 लाख रुपये भी अभी तक मिलों ने नहीं दिया है। इस संबं में उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर सत्येंद्र सिंह का कहना है कि मिलों पर जल्द भुगतान कराने के लिए दबाव बनाया हुआ है।
उम्मीद है कि शुगर मिलें शीघ्र ही बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कर देंगी। भुगतान में कोताही बरतने वाली मिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बकाया गन्ना मुल्य
मिल बकाया
गांगनौली 820.93
तितावी 14526.01
भैंसाना 2639.91
शामली 4415.70
ऊन 5303.51
थानाभवन 2513.83
(नोट: गन्ना भवन से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक)