सहारनपुर में कैबिनेट मंत्री आजम खां ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र पर निशाना साधते हुए सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया।
कहा कि काम फौज ने किया है और सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने मुजफ्फरनगर में हुए दंगे के लिए भी बीजेपी नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में आजम खां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भड़ास निकाली।
कहा कि मुझे प्रधानमंत्री बनवाओ। मैं देखने में अच्छा हूं। कपड़े भी ठीकठाक पहनता हूं। चाय भी बना लेता हूं। यहां तक की थोड़ा बहुत खाना भी बनाना जानता हूं। वादा किया कि यदि जनता उन्हें प्रधानमंत्री बनाए तो वह 20 नहीं 25 लाख रुपये प्रत्येक भारतीय के खाते में डालेंगे।
खां ने कहा कि पाकिस्तान हमारे फौजियों के सिर कलम कर अपने साथ ले जाता है और प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान में जाकर नवाज शरीफ से दोस्ती का हाथ बढ़ाते हैं। शरीफ की मां को शॉल भेंट करते हैं। उन्होंने वादा किया कि यदि उनकी सरकार बनी तो वह हर बेघर को मकान दिलाएंगे।
इस मौके पर डीएम शफक्कत कमाल, एसएसपी मनोज तिवारी, सूडा के निदेशक शैलेंद्र कुमार, नगरायुक्त ओपी वर्मा, पूर्व मंत्री सरफराज खां, पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, एडीएम (प्रशासन) एसके दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, एसडीएम रामविलास यादव, कुलवीर राणा, प्रवेश खान, फैसल रहे।
जनमंच प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए आजम खां ने कहा कि खता पाकिस्तान करता है और सजा हिंदुस्तान के मुसलमानों को भुगतनी पड़ती है। कहा कि उस समय बहुत दुख होता है जब हमें गद्दार और देशद्रोही कहा जाता है।
जब देश का बंटवारा हुआ तो हमें पाकिस्तान चले जाने की छूट थी, मगर हम नहीं गए, क्योंकि हमें हिंदुस्तान से प्यार है। आजम खां ने कहा कि हिंदुस्तान का मुसलमान गंगा के पानी से वजु करता है।
हमने गंगा के तट पर नमाजें पढ़ी हैं। हिन्दुओं से ज्यादा हम गंगा को पवित्र मानते हैं। जो लोग गंगा के अपवित्र होने की बात करते हैं वह गलत हैं। गंगा कभी न तो अपवित्र थी और न अपवित्र होगी।