मुंबई से आया प्रवासी श्रमिक कोरोना पॉजिटिव मिला
सहारनपुर/देवबंद। देवबंद में जमातियों के बाद अब प्रवासी मजदूरों ने प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को भी मुंबई से आया एक प्रवासी श्रमिक कोरोना संक्रमित पाया गया, जिसे क्वारंटीन सेंटर से कोविड हॉस्पिटल फतेहपुर में शिफ्ट कर दिया गया। जनपद में अब 18 एक्टिव कोरोना पॉजिटिव केस हैं।
सीएचसी के अधीक्षक डा. इंद्राज सिंह ने बताया कि मोहल्ला अबुलमाली का 23 वर्षीय युवक मुंबई में मजदूरी करता था। वह 18 मई को अपने दोस्त के साथ देवबंद पहुंचा था। उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेने के बाद एचएवी इंटर कॉलेज में क्वांरटीन कर दिया था। 20 मई की रात्रि में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रात्रि करीब साढ़े बारह बजे क्वारंटीन सेंटर से संक्रमित युवक को कोविड हॉस्पिटल फतेहपुर में शिफ्ट कर दिया। जबकि कमरे में साथ रहे रहे उसके साथी को जामिया तिब्बिया में क्वारंटीन किया गया है।
बुधवार को महाराष्ट्र के अकोला से तलहेड़ी बुजुर्ग (देवबंद) में आए युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसे भी जनता इंटर कॉलेज नागल के क्वारंटीन सेंटर से कोविड हॉस्पिटल फतेहपुर में शिफ्ट किया गया था। जबकि विगत सोमवार को खेड़ामुगल में एक प्रवासी मजदूर पॉटिजिव मिला था। वहीं, एक के बाद एक प्रवासी मजदूरों के पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। सहारनपुर जनपद की बात करें तो कुल पॉजिटिव 206 हैं, जबकि 188 ठीक हो चुके हैं। अब तक कुल 6616 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 5633 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। लंबित नमूनों की संख्या 777 पहुंच गई है।
चार रोगियों को ठीक होने पर किया डिस्चार्ज
बेहट/ छुटमलपुर। जिले के कोविड-19 अस्पतालों से बृहस्पतिवार को चार रोगियों को ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई।
मिर्जापुर स्थित ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 अस्पताल के इंचार्ज डॉ. कपिल देव ने बताया कि याकूब पुत्र शम्स रहमान निवासी देवबंद, अल्तमस पुत्र इरफान निवासी थाना कुतबशेर, इकरार पुत्र मकसूद निवासी गंगोह की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर छुट्टी दे दी गई। जबकि फतेहपुर में कोविड-19 अस्पताल के इंचार्ज डा. नवदीप गुप्ता की अगुवाई में स्टाफ ने देवबंद के मदरसा छात्र फैसल पुत्र मोहसिन आलम निवासी पूर्णिया बिहार को ठीक होने पर छुट्टी दे दी। फैसल ने बताया कि अस्पताल में उसे बढ़िया खाना मिला और सबसे अच्छी बात स्टाफ का व्यवहार बहुत अच्छा था। इस मौके पर डा. देशराज सिंह, डा. सुमित मैकनाइट, अमिता, सुनीता, प्रियंका, रोनिका सिंह, आकिल अहमद, नीरज राणा आदि मौजूद रहे।