सहारनपुर। महानगर में छह दिवसीय गजरथ महोत्सव की धूमधाम से शुरुआत हो गई। श्रीजी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जियो और जीने दो का संदेश दिया गया। बैंडबाजों पर बज रही धार्मिक धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
रविवार को शोभायात्रा का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन, संरक्षक राकेश जैन ने संयुक्त रूप से मोहल्ला चौधरियान स्थित प्राचीन श्री दिगंबर जैन मंदिर में ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा जैन बाग स्थित प्राचीन श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां पर भारी संख्या में जैन समाज के लोग शामिल रहे। इसके साथ ही श्रीजी का मंगल अभिषेक किया गया। शोभायात्रा में सबसे आगे युवक जियो और जीने दो का संदेश लिखा बैनर लेकर चल रहे थे। इनके पीछे महिलाएं, बच्चे और पुरुष नंगे पांव श्रीजी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा में स्वर्ण मंडित 17 फीट ऊंचा श्रीजी का रथ रहा। इस दौरान संरक्षक कुलभूषण,चंद्र जैन, महामंत्री संजीव जैन, उपाध्यक्ष विपिन जैन, सीए अनिल जैन, कोषाध्यक्ष अरुण जैन, चौधरी अजीत जैन, चौधरी संदीप जैन, चौधरी डॉ. एके जैन शामिल रहे।
- यात्रा में दिखा सांप्रदायिक सौहार्द
यात्रा में सांप्रदायिक सौहार्द देखने को मिला। चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद पर मुस्लिम समाज के लोगों ने यात्रा पर फूल बरसाए। इसके अलावा जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अकमल खान बिट्टू, मोहम्मद आलम, मानू आब्दी, शादाब आब्दी, लियाकत जैदी, निशान हैदर, नजफ अली, सलीम आब्दी, शबी आब्दी मौजूद रहे।