सहारनपुर, गंगोह। मोहल्ला मोहम्मद गौरी में एक दुकान के ताले तोड़कर 10 लाख रुपये का स्क्रैप चोरी करने का मामला सामने आया है। मामले में एक भाजपा नेता सहित नौ नामजद एवं पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहल्ला कुरैशियान निवासी औरंगजेब ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आठ अक्तूबर शाम छह बजे वह बाईपास मार्ग पर गैस एजेंसी के निकट स्थित अपनी दुकान पर गया था। वहां देखा कि दुकान के ताले टूटे थे। दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपये का सामान गायब था। पीड़ित ने बताया कि उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें मोहल्ला मोहल्ला मोहम्मद गौरी निवासी सोनू, मनोज, सतीश, अनिल, शिवकुमार, मोंटी, सौरभ, राजो देवी और मोहल्ला बुद्धूगढ़ निवासी पंकज समेत पांच अज्ञात लोग ताले काटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पंकज के भाजपा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी ने मामले की जानकारी होने से इंकार करते हुए कहा कि यदि कोई भाजपा से जुड़ा व्यक्ति दोषी पाया गया तो संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।