सरसावा। सिविल डिफेंस कार्यालय में पांच दिवसीय अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर के समापन पर चीफ वार्डन सरदार अवतार सिंह जी ने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को आसपास के लोगों में भी साझा करें।
शनिवार को अंबाला रोड पर पुराने चेक पोस्ट के समीप स्थित नागरिक सुरक्षा कोर के कार्यालय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को आपदाओं से पूर्व आपदाओं के दौरान एवं आपदाओं के बाद क्या करें क्या ना करें और कैसे करें की जानकारी दी। इस दौरान आईसीओ एवं मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा ने भूकंप से बचाव, ध्वस्त भवनों में खोज एवं बचाव के नियम, बचाव की आपातकालीन विधियां, बाढ़, आतंकवाद, बम विस्फोट में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार आदि को क्रियाकलापों के माध्यम से समझाया।
डिप्टी चीफ वार्डन देश बंधु शर्मा ने कहा कि यदि प्रभावित क्षेत्रों में आपदा घटित होने के साथ ही यथाशीघ्र सर्च एवं रेस्क्यू प्राथमिक चिकित्सा अग्निशमन आदि के कार्य प्रारंभ हो जाए तो आपदाकारित क्षति को प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सकता हैं। इस दौरान पोस्ट वार्डन दिनेश गुप्ता, रजनी शर्मा, दीक्षांत शर्मा, दिग्विजय नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।