जेवी जैन डिग्री कॉलेज पर एडमिशन के लिये पहुंचे छात्र छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक प्रथम वर्ष की मेरिट जारी करने के बाद सोमवार को जनपद के कॉलेजों में मेरिट चस्पा कर दी गई। खास बात यह है कि मेरिट यूपी बोर्ड और अन्य बोर्ड की अलग-अलग तैयार की गई है। कॉलेजों में दाखिले मंगलवार से होंगे, जो 16 अक्तूबर तक चलेंगे।
जेवी जैन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वकुल बंसल ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष की मेरिट उनके यहां 75 फीसदी से ऊपर रही है। मेरिट नोटिस बोर्ड के साथ ही कॉलेज की वेबसाइट पर डाल दी गई है। दाखिले मंगलवार से सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेंगे। मेरिट में शामिल अभ्यर्थी 16 अक्तूबर तक दाखिला ले सकेंगे। महाराज सिंह कॉलेज में भी मेरिट नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक कर दी गई है। दाखिले मंगलवार की सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होंगे, जो 16 अक्तूबर तक ही चलेंगे। उधर, मुन्नालाल कॉलेज में भी दाखिले की तैयारी पूरी कर ली गई है। यहां भी पहली मेरिट के दाखिले मंगलवार की सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक चलेंगे। प्राचार्य डॉ. अमिता अग्रवाल ने मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों में समय से पहुंचकर दाखिला लेने की अपील की है।