सहारनपुर। न्यूनतम तापमान शनिवार को तीन डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर कोहरा छाया रहा और शीतलहर से लोगों को घर में भी ठंड से राहत नहीं मिली। बाजारों में खरीदार नहीं पहुंचने से व्यापारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। सर्दी से बचने के लिए लोग जगह-जगह कूड़ा कचरा जलाकर सेंकते रहे।
जनपद में करीब एक सप्ताह से सर्दी का सितम जारी है। न्यूनतम तापमान चार से सात के आसपास चल रहा था, लेकिन शनिवार को न्यूनतम तापमान और लुढ़ककर मात्र तीन डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जबकि अधिकतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से मौसम में बना कोहरा दिनभर छट नहीं सका, जिसकी वजह से धूप भी नहीं निकल पाई। दिन भर कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने से लोग ठंड से कांप गए। लोग जगह-जगह जलाव सेकते नजर आए। ज्यादातर जगहों पर लोगों ने कचरा जलाकर सर्दी के असर को कम करने का प्रयास किया। सर्दी की असर बाजारों पर भी नजर आ रहा है। शनिवार को बाजारों में खरीदारों की संख्या कम रही। ऐसे में दुकानदार भी मायूस हैं।
बीते दस दिन में बदला तापमान
तिथि---------------न्यूनतम------अधिकतम
19 दिसंबर----------06------------17 डिग्री सेल्सियस
20 दिसंबर----------10------------22 डिग्री सेल्सियस
21 दिसंबर----------07------------19 डिग्री सेल्सियस
22 दिसंबर----------06------------22 डिग्री सेल्सियस
23 दिसंबर----------05------------17 डिग्री सेल्सियस
24 दिसंबर----------06------------17 डिग्री सेल्सियय
25 दिसंबर----------4.5-----------9.5 डिग्री सेल्सियस
26 दिसंबर-----------04-----------11 डिग्री सेल्सियस
27 दिसंबर-----------04-----------16 डिग्री सेल्सियस
28 दिसंबर-----------03---------- 9.2 डिग्री सेल्सियस
लापरवाही बरतने पर दो कर्मचारी निलंबित
सहारनपुर। नगर निगम की ओर से 17 जगहों पर अलाव जलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि सभी जगहों पर समय से और पर्याप्त मात्रा में लकड़ी नहीं डाली जा रही है, जिसकी वजह से अलाव नियमित रूप से नहीं जल पा रहे हैं। नगर निगम की जांच में भी अलाव को लेकर लापरवाही उजागर हो चुकी है। नगर निगम की ओर से सोमनाथ माली और शमशाद की ड्यूटी अलाव के लिए लकड़ी डालने के लिए लगाई गई थी। उद्यान विभाग के प्रभारी ने 26 दिसंबर को औचक निरीक्षण किया तो दोनों अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। मोबाइल भी बंद मिले। उद्यान प्रभारी ने दोनों कर्मचारियों के निलंबन की संस्तुति की थी, जिसके बाद नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
सहारनपुर में घने कोहरे से गुजरते लोग- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में घने कोहरे से गुजरती बस- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में घने कोहरे में रेलवे स्टेशन पर ट्रेनो का इंत्जार करते यात्री- फोटो : SAHARANPUR