सहारनपुर। चीन में फैले घातक कोरोना वायरस को लेकर सहारनपुर में भी अलर्ट है। हालांकि अभी तक शासन से इस तरह की कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है, मगर स्थानीय स्तर पर चिकित्सा अधिकारी किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार हैं।
कोरोना वायरस पड़ोसी देश चीन में अभी तक कई लोगों की जान ले चुका है। वायरस की भयावहता को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चीन में इमरजेंसी की घोषणा की है। चूंकि भारत चीन का पड़ोसी देश है ऐसे में यहां भी एहतियात बरतने की जरूरत है। सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी ने बताया कि कोरोना वायरस का अभी तक कोई मामला पूरे यूपी में सामने नहीं आया है। शासन स्तर से भी कोई गाइडलाइन अभी तक जारी नहीं की गई है, मगर विभाग पूरी तरह तैयार है।
क्या है कोरोना वायरस
कोरोना असल में वायरसों का एक बड़ा समूह है, जो जानवरों में आम है। यह वायरस जानवरों से मनुष्यों में पहुंच जाता है। इसके संक्रमण से बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्याएं हो जाती हैं। यह न्यूमोनिया का कारण भी बन सकता है।
कैसे फैलता है कोराना वायरस
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक कोरोना वायरस एक जूनोटिक है, जो जानवरों से मनुष्य में फैलता है, लेकिन चीन में यह मानव से मानव में फैल रहा है। कोरोना वायरस से संक्रमित किसी व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है। खांसी, छींक या हाथ मिलाना जोखिम का कारण बन सकता है। किसी संक्रमित व्यक्ति के छूने और फिर अपने मुंह, नाक या आंखों को छूने से भी वायरस का संक्रमण हो सकता है।
बीमारी के गंभीर लक्षण
कोरोना वायरस के लक्षणों में नाक बहना, खांसी, गले में खराश, कभी-कभी सिरदर्द और बुखार शामिल है, जो कुछ दिनों तक रह सकता है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए यह घातक है, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं। निमोनिया, फेफड़ों में सूजन, छींक आना, अस्थमा का बिगड़ना भी इसके लक्षण हैं।
मरीज का इलाज
इसका अभी तक कोई इलाज नहीं है। कोरोना वायरस की कोई वैक्सीन नहीं बनी है। इससे बचने का यही तरीका है कि सावधानी बरतना है। किसी बीमार, जुकाम, निमोनिया से ग्रसित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें। मास्क पहनें। अपनी आंखों, नाक और मुंह को न छुएं। हाथों को बार बार अच्छे से साबुन से धोएं।
कोरोना वायरस का सहारनपुर क्या पूरे उत्तर प्रदेश में अभी तक कोई संदिग्ध तक सामने नहीं आया है। यही वजह है कि शासन स्तर से अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं हुआ है, मगर विभाग किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार है।
डॉक्टर बीएस सोढ़ी, सीएमओ।