सहारनपुर। नगर निगम ने बरसात से पहले 20 मई तक शत प्रतिशत नालों की सफाई का लक्ष्य रखा था, लेकिन हकीकत यह है कि आज तक सभी नाले साफ नहीं हुए हैं। महापौर डॉ. अजय कुमार ने सोशल मीडिया पर अपनी एक वीडियो साझा की है, जिसमें वह अंबाला रोड के नाले का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं। नाले में गंदगी भरी देख वह मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक को हड़का रहे हैं।
वीडियो में महापौर मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक से नाले में भरी गंदगी के बारे में पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। वह सफाई निरीक्षक से नाले की लंबाई और चौड़ाई पूछ रहे हैं, जिसमें सफाई निरीक्षक असमर्थ नजर आ रही हैं। इस पर वह सफाई निरीक्षक से कह रहे हैं कि आपको कुछ नहीं पता है।
नाले पर अतिक्रमण होने पर भी महापौर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि यदि नालों की यही स्थिति रही तो पूरा शारदानगर और लेबर कॉलोनी बरसात में डूब जाएगी। वीडियों में वह नाले के फोटो मुख्यमंत्री पोर्टल पर डालने की बात अधिकारियों कह रहे हैं, जिससे नाला सफाई की सच्चाई सामने लाई जा सके।
महापौर के निरीक्षण में नाले में गंदगी मिलना नगर निगम की नालों की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। इसके अलावा उन्होंने ढमोला नदी की सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया। वह ढमोला नदी के डूब क्षेत्रों में पहुंचे और सफाई करने वाले निगम कर्मचारियों को ठीक से सफाई करने के निर्देश दिए, जिससे कि बरसात के दिनों में बाढ़ की स्थिति ना बने।