पुलिस द्वारा पकड़े गये फरार आरोपी का खुलासा करते एसएपी सिटी विनीत भटनागर
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर के कचहरी गेट के पास से बुधवार को फरार हुए आरोपी महताब उर्फ मटरू को थाना सदर और नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की रात में करीब 12 बजे पुलिस टीम ने मटरू को पकड़ा। इस मामले में लापरवाही बरतने पर आरक्षी बृजेंद्र सिंह और सोनू कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि अवैध तमंचे के साथ पकड़ा गया आरोपी महताब उर्फ मटरू निवासी गांव धालौरा नकुड़ बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। थाना नकुड़ पुलिस के आरक्षी बिजेंद्र सिंह, सोनू कुमार और होमगार्ड निरंजन सिंह उसे लेकर कचहरी गेट तक पहुंचे । तभी हाथ से हथकड़ी निकालकर मटरू भाग निकला। इस बारे में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह की ओर से थाना सदर में अभियोग पंजीकृत करवाया।
उन्होंने बताया कि एसएसपी डॉ. एस चनप्पा के निर्देश पर थाना सदर और नकुड़ की संयुक्त टीमों ने उसकी खोजबीन शुरू की। एसपी सिटी के मुताबिक कई घंटों की खोजबीन के बाद बुधवार की रात में करीब 12 बजे सैट मैरी एकेडमी रेलवे रोड के पास से पुलिस टीम कोे मटरू को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। उन्होंने बताया कि रात में ही एसएसपी ने इस आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था।
फरार आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना सदर प्रभारी पंकज पंत, वरिष्ठ उप निरीक्षक नीशू तोमर, उप निरीक्षक शाह आलम, आरक्षी आदेश कुमार, निशांत कुमार और थाना नकुड़ के आरक्षी बिजेंद्र सिंह शामिल रहे।