दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, तीन घायल
बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर खाली और खनिज सामग्री से भरे डंपर (ट्रक) की आमने सामने की भिडंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन एक दूसरे के अंदर घुस गए। इनमें सवार चालकों व परिचालक को निकालने में पुलिस को घंटों का समय लग गया। हादसे के बाद हाईवे पर तीन घंटे यातायात जाम रहा। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। उसके बाद ही यातायात सुचारु हो सका। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसा शुक्रवार रात करीब एक बजे कलसिया के पास मसखरा नदी के पुल के बीच हुआ। बेहट की तरफ से जा रहे खनिज सामग्री से भरे डंपर और कलसिया की तरफ से आ रहे डंपर में आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। दोनों वाहन एक दूसरे के अंदर तक घुस गए। इनमें सवार डंपर चालक गालिब पुत्र अयूब व क्लीनर जुबैर पुत्र महसूब दोनों निवासी गांव कबीरपुर थाना झिंझाना जनपद शामली व दूसरे डंपर के चालक फारूख पुत्र यासीन गांव मंनदवाड़ा थाना बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर ट्रकों के बीच फंस गए। सूचना पर पहुंची बेहट पुलिस को तीनों को निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। तीनों गंभीर घायल थे। पुलिस उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गई। उधर, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पुल पर फंसने से हाईवे पर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को पुल से हटवाया। उसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। जाम लगने से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ट्रैफिक को सुचारु कराने में भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एसएसआई अजय कुमार ने बताया कि घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना उनके परिजनों तक पहुंचा दी गई।