- गन पॉइंट पर लेकर घर में अंदर चलने को कहा, शोर मचाने पर भागा युवक
- कोतवाली सदर बाजार में दिल्ली रोड पर पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में नकाबपोश युवक ने राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसकर पत्नी और बेटी को गन पॉइंट पर लिया। नकाबपोश युवक ने धमकी देते हुए अंदर चलने को कहा। शोर मचाने पर आरोपी युवक सीढ़ियों से उतरकर भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में बुधवार रात का है। राज्य कर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात राजीव कुमार शाक्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में के-147 में प्रथम तल पर किराए पर रहते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे एक युवक घर के बाहर पहुंचा। युवक की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष थी। उसने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। उसने हाथ में पिस्टल ले रखी थी। उस समय उनकी बेटी घर के बाहर बरामदे में कुछ काम कर रही थी। युवक ने उसे पिस्टल दिखाते हुए घर के अंदर चलने के लिए कहा। बेटी के चिल्लाने पर उनकी पत्नी बाहर आई। आरोप है कि युवक ने उन्हें भी पिस्टल दिखाकर घर के अंदर जाने के लिए धमकाया। परिवार के दोनों सदस्यों के शोर मचाने पर डिप्टी कमिश्नर राजीव कुमार शाक्य कमरे से बाहर आए। उन्हें बाहर आता देख युवक सीढ़ियों से नीचे उतरकर भाग गया।
पैदल आया था युवक, कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में कैद
प्राथमिकी जांच में सामने आया कि युवक लूट के इरादे से घर में घुसा, लेकिन शोर होने के कारण कामयाब नहीं हुआ। वह बाइक पर नहीं, बल्कि पैदल आया था। घर से भागते समय कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में कैद भी हुआ है। मुंह पर कपड़ा लपेटे होने की वजह से उसकी पहचान नहीं हुई है।
वर्जन
अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी