नकाबपोश बदमाशों ने बैंक कर्मी से की लूटपाट
नागल (सहारनपुर)। बुधवार रात सिड़की पुलिस चौकी क्षेत्र में झबरेड़ा मार्ग पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बैंक कर्मी से मारपीट कर एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन लूट लिया। बाद में बदमाशों ने एटीएम कार्ड से 16 हजार की नकदी निकाल ली।
जानकारी के अनुसार देवबंद थानाक्षेत्र के गांव खेड़ा मुगल निवासी विकास पुत्र राजेंद्र सहारनपुर बैंक में कार्यरत है। बुधवार रात करीब नौ बजे वह बैंक से अपने गांव लौट रहे थे। गंगोली गुर्जर मोड़ के पास पीछे से आ रहे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करते हुए रोक लिया तथा उसे डंडों से मारपीट करते हुए सड़क किनारे खेत में ले गए। जहां उनके तीन एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन लूट कर बदमाश फरार हो गए। बाद में पीड़ित ने राहगीरों के माध्यम से पुलिस व परिजनों को सूचना दी। इस पर बदमाशों की तलाश की गई लेकिन उनका पता नहीं चल सका। विकास ने बताया कि बदमाशों ने उसके एक एटीएम कार्ड से देवबंद से 16 हजार रुपये निकाले हैं। इसका मेसेज उसके घर पर रखे फोन पर सुबह आया। थानाध्यक्ष बीनू चौधरी ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। वह पुलिस टीम गठित कर जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए बदमाशों को धर दबोचेंगे।