गंगोह में लूट की घटना के बाद पीड़ित
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। बुधवार की शाम दो नकाबपोश बदमाशों ने मुर्गा व्यापारी के घर धावा बोल महिला से सिर में डंडा मार उसे घायल करते हुए तमंचे के बल पर आतंकित कर पौने पांच लाख रुपये की नगदी लूट ली और फरार हो गए। लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस घटना को संदिग्ध मान कर चल रही है। गंगोह में लगातार तीसरे दिन लूट की यह तीसरी वारदात है।
नगर के मोहम्मद गौरी निवासी नसीम अपने परिवार के साथ रहता है। नसीम के लड़के वसीम और सलीम अंडे व मुर्गे का कारोबार करते हैं। बुधवार को देर शाम परिवार के सभी पुरुष सदस्य अपने काम से बाहर थे। घर में नीचे के हिस्से में नसीम की पत्नी शगुफ्ता थी। जबकि बड़े पुत्र वसीम की पत्नी शीबा ऊपर अपने कमरे नमाज पढ़ रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने वहां मौजूद नसीम की पत्नी शगुफ्ता के सिर में डंडा मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश तमंचा दिखाकर अलमारी में रखे पौने पांच लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। खटपट की आवाज सुनकर ऊपर नमाज शीबा नीचे आ गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
सीओ अजेय शर्मा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित परिजनों से जानकारी ली। बताया गया है कि लूटी गई रकम छोटे पुत्र सलीम की थी जो नीचे के हिस्से में अपने माता पिता के साथ रहता है। सीओ अजेय शर्मा का कहना है कि घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रही है। फिर भी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि नौ दिसंबर को गांव नूरखेडी में बदमाशों ने युवक से बाइक और 15 हजार की नगदी लूट ली थी। इसके अगले दिन दस दिसंबर को शिव चौक से बदमाशों ने एक व्यक्ति से दो हजार रुपये की नगदी तमंचे के बल पर लूट ली थी। हालांकि पीछा किए जाने के बाद पुलिस ने एक बदमाश को धर दबोचा था।
गंगोह में लूट की घटना के बाद मौके पर जांच करती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR