सहारनपुर। गांव हलालपुर में एक सप्ताह पूर्व शराब पीने से मना करने पर घर में घुसकर पड़ोसियों द्वारा मारपीट करने पर घायल हुई विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव हलालपुर निवासी धनवंती उर्फ मंजुला देवी (32) अपने पति विक्रम के साथ रहती थी। कोतवाली देहात में दर्ज कराए मामले में विक्रम ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसके घर के बाहर गांव के ही पांच युवक शराब पी रहे थे। इस विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर उसकी पत्नी धनवंती पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने लोहे की रॉड से पिटाई की थी। धनवंती को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया। महिला का एक अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने की वजह से जवाब दे दिया। इसके बाद धनवंती को फिर जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में अरुण, जोनी, मुकेश, काका, रजत के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला के घर के बाहर शराब पी रहे थे, जिसका धनवंती ने विरोध किया था। तब, आरोपी वहां से चले गए थे, लेकिन इसके कुछ देर बाद घर में घुसकर हमला कर दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।