धनतेरस को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है। लोगों के उत्साह को देखते हुए व्यापारियों ने भी अपने तैयारी पूरी कर ली है। लोग भी धनतेरस के मुहूर्त के हिसाब से ही खरीददारी करने की तैयारी में जुट गए हैं।
शहर के रायवाला, नेहरू मार्केट, कोर्ट रोड, शहीद गंज, सर्राफा बाजार, प्रताप मार्केट, दिल्ली रोड, घंटाघर, मटिया महल के मार्केट और दुकानों पर भारी उत्साह देखने को मिला। सोमवार को धनतेरस है, जिसे भुनाने के लिए व्यापारियों ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। कोर्ट रोड पर ही दुकानों के आगे स्टॉल लगा दिए गए हैं।
पार्किंग स्थल के लिए चिह्नित स्थानों पर भी दुकानों के तंबू गड़ गए हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण लोगों ने जमकर खरीदारी की। जिससे घंटाघर, कोर्ट रोड, नेहरू मार्केट में जाम की स्थिति बनी रही। जिसे संभालने में ट्रैफिक पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
बर्तन और ज्वैलरी उद्योग को उम्मीद
आज के दिन बर्तन खरीदने का विशेष महत्व है। धनतेरस को लेकर शहर के बर्तन बाजार, कोर्ट रोड समेत कई इलाकों में दुकानदारों ने दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाकर बर्तनों की कई रेंज उतारी है। धनतेरस को लेकर बाजार में प्लेट्स, कटोरी, कढ़ाई, कलश, दीये आदि की भारी डिमांड है। ज्वैलर्स भी धनतेरस पर लक्ष्मी गणेश की पूजा के लिए सोने-चांदी की बिक्री को लेकर खासे उत्साह में हैं।
ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक बाजार भी गुलजार
धनतेरस और दीपावली को लेकर ऑटो मोबाइल और इलेक्ट्रानिक बाजार में भी रौनक है। ऑटो मोबाइल शोरूम के एमडी निपुण जैन का कहना है कि धनतेरस और दीपावली पर वाहनों की खरीदारी का पूरा क्रेज होता है। इसके लिए हमारी तैयारी भी पूरी है।
इलेक्ट्रानिक शोरूम से जुड़े राजीव सचदेवा का कहना है कि इलेक्ट्रानिक बाजार में नई श्रृंखलाओं के जरिये अत्याधुनिक आइटम बाजार में हैं। त्योहारी सीजन से हमें बहुत उम्मीद है।
शाम 5ः05 बजे से करें पूजन
धनतेरस का पूजन सांय काल पांच बजकर पांच मिनट से शुरू होकर साढ़े आठ बजे तक किया जा सकता है। भगवान धनवंतरी का पूजन करने से लंबी बीमारियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही अरोगिता प्रदान होती है। इस दिन लक्ष्मी की विशेष कृपा रहती है। उन्हीं की कृपा से घर में आनंद की प्राप्ति होती है। पंडित हरी शंकर गोनियाल बताते हैं कि धनतेरस पर शाम को पूजा करने का प्रावधान है। धनतेरस के दिन पारिवारिक चिकित्सक को उपहार देने का भी प्रावधान है। पारिवारिक चिकित्सक को उपहार देकर बीमारियों से आजीवन मुक्ति मिल जाती है।