सहारनपुर में प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते स्कूल संचालक स्कूल लौटते छात्र
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। डीएम के सख्त निर्देश के बावजूद शुक्रवार को भी कई स्कूल खुले रहे, जबकि शुक्रवार का दिन काफी संवेदनशील माना जा रहा था। धड़ल्ले के साथ अधिकारियों की आंखों के सामने से स्कूल बसें गुजरीं।
ठंड में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए डीएम ने अग्रिम आदेशों तक स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों के अवकाश के निर्देश दिए हुए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने डीएम के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश स्कूल संचालकों को दिए थे। अधिकारियों ने शासन द्वारा संचालित परीक्षाओं के अलावा अन्य किसी भी प्रकार की परीक्षाओं को स्थगित करने को कहा था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने के साथ ही सीएए और एनआरसी के विरोध को लेकर संवेदनशील भी था। इसके बावजूद शहर ही में कई स्कूल खुले मिले। खास बात यह रही कि घंटाघर और कई चौराहों पर तैनात अधिकारियों की आंखों के सामने स्कूल बसें गुजरतीं रहीं। अभिभावक समिति के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर स्कूलों की मनमानी की शिकायत की है। उन्होंने दिल्ली रोड और मल्हीपुर रोड पर खुले कई स्कूलों के नाम भी शिकायती पत्र में दर्ज किए हैं। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर अरुण कुमार दूबे का कहना है कि यदि उन्हें लिखित शिकायत मिलती है तो वह जांच कराएंगे, कि स्कूल किन कारणों से खोले गए हैं। यदि जिलाधिकारी के निर्देशों का उल्लंघन पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर में प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते स्कूल संचालक। स्कूल लौटते छात्र।- फोटो : SAHARANPUR