तल्हेड़ी बुजुर्ग। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर शनिवार देर रात सड़क पार कर रहे छोटे लाल (52) की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर वाहन का पता लगाने में जुटी है।
साखन खुर्द निवासी छोटेलाल शनिवार देर रात सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की बाबत पूछताछ की और मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों के अनुसार छोटेलाल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटी और तीन बेटे हैं। एक बेटी और दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा अभी अविवाहित है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सुबोध कुमार का कहना है मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वाहन की तलाश में मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।