सहारनपुर। ट्रांसपोर्टनगर में मकान में अनैतिक धंधा कराने के मामले में कोरोना संक्रमित आरोपी मलेरिया इंस्पेक्टर डीपी सिंह का पांच दिन बाद भी पता नहीं लग पाया है। डीपी सिंह के मकान पर छापा मारने के दौरान जनकपुरी थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी भी शामिल थे। जनकपुरी थाना प्रभारी ने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है।
पांच दिन पूर्व ट्रांसपोर्ट नगर के आवासीय क्षेत्र में सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी, थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर अवनीश गौतम, महिला थाना इंस्पेक्टर सरिता सिंह सहित दस पुलिसकर्मियों ने आरोपी मलेरिया इंस्पेक्टर डीपी सिंह के मकान पर छापा मारकर अनैतिक धंधे का मामला पकड़ा था। वहीं, 19 अप्रैल को मलेरिया इंस्पेक्टर डीपी सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पुलिस ने उसके श्रीराम चौक के निकट स्थित पुराना सरकारी अस्पताल परिसर में आवास सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
मलेरिया इंस्पेक्टर के कोरोना संक्रमित होने का पता लगने पर पुलिसकर्मियों में खलबली है। थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर अवनीश गौतम ने बताया कि उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है और पूरी सावधानी बरत रहे हैं। कार्रवाई में शामिल रहे थाने के पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच भी कराएंगे। आरोपी की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
-----
स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की कोई कार्रवाई
पुलिस ने मलेरिया इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा था। सीएमओ बीएस सोढ़ी ने बताया कि पुलिस ने मलेरिया इंस्पेक्टर के पते की जानकारी मांगी थी। मलेरिया इंस्पेक्टर मूलरूप से बदायूं का रहने वाला है। इसके बारे में पुलिस को बता दिया है। आरोपी के गिरफ्तार होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।