सहारनपुर। जनपद में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखकर महापौर संजीव वालिया और महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह से मुलाकात की। निजी अस्पतालों को भी कोविड चिकित्सालयों में तब्दील कराने की मांग की।
बुधवार को महापौर संजीव वालिया और महानगर अध्यक्ष राकेेश जैन ने कहा कि एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगनी है, इसलिए व्यवस्था की कर ली जाए। प्रस्ताव रखा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाओं की देखरेख की जिम्मेदारी किसी प्रशासनिक अधिकारी को दी जाए, ताकि मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही आगामी दिनों में होने वाले विवाह समारोह को लेकर भी चर्चा की।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि विवाह समारोह के लिए अनुमति की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सरकार की गाइड लाइन का पालन न करने पर कार्रवाई होगी। बंद स्थल में 50 और खुले जगह में 100 से अधिक व्यक्ति उपस्थित न हों। इस दौरान भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी गौरव गर्ग भी मौजूद रहे।