मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन के सिलिंडर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने ऑक्सीजन सिलिंडर सप्लाई करने वालों को कोविड मरीजों के लिए समुचित मात्रा में ऑक्सीजन सिलिंडर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही वैक्सीनेशन के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जनपद के ऑक्सीजन सिलिंडर विक्रेताओं से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए। ऑक्सीजन और जीवनरक्षक दवाइयों की किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। कोविड वार्ड में प्रतिदिन साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। मरीजों को निर्धारित मानक के अनुरूप ही भोजन दिया जाए। वरिष्ठ चिकित्सक प्रतिदिन कोविड वार्ड में मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी भी लें। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन वाले मरीजों से प्रतिदिन संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी हासिल की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि एंबुलेंस में ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पताल स्टाफ के साथ ही फील्ड में तैनात कर्मचारी भी मास्क और हैंड ग्लब्स का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। कोविड मरीजों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. टीएस मार्तोलिया सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।