सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने मंडल के सभी जिला गन्ना अधिकारियों को होली के त्योहार से पहले किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों केे अध्यासियों के साथ बैठक करके बकाया भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस पर जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने चीनी मिल के अध्यासियों के साथ बैठक करके गन्ना मूल्य बकाया के भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरसावा चीनी मिल के यूनिट हेड ने होली से पहले 13 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया के भुगतान करने को भरोसा दिलाया। गागलहेड़ी चीनी मिल के यूनिट हेड/अध्यासी ने 3.04 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि बैठक में नानौता और शेरमऊ चीनी मिल के यूनिट हेड/अध्यासी उपस्थित नहीं हुए। इस पर दोनों चीनी मिलों के अधिकारियों को नोटिस जारी करके स्थिति स्पष्ट करने और त्योहार से पहले बकाया गन्ना भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।