उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गड्ढे में फंसी कार के टायर की रगड़ से उठी चिंगारी के चलते गन्ने की सूखी पत्तियों में लगी आग से पूरी गाड़ी जल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समय रहते गाड़ी के भीतर बैठे दंपति बच्चे सहित सुरक्षित निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
ग्राम सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ज्योति ने बताया कि वो अपने पति सिंचाई विभाग के वरिष्ठ सहायक लिपिक अमर गुप्ता तथा पांच वर्षीय पुत्र आरव के साथ वैगन आर कार में सवार होकर सरसावा क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर में परिचित से मिलने गई थी। ग्राम गोविंदपुर में एक खेत के समीप उनकी गाड़ी गड्ढे में धंस गई।
जब उनके पति ने गाड़ी निकालने का प्रयास किया तो तेज गति से कार का पहिया घूमने के कारण गन्ने की सूखी पत्तियों में चिंगारी से आग लग गई और उससे गाड़ी के निचले हिस्से में वायरिंग में शार्ट सर्किट हो गया। तभी उन्हें एहसास हुआ की गाड़ी से अजीब सी गंध के साथ धुआं निकल रहा है।
इसी बीच कुछ ग्रामीण भी आ पहुंचे, जिनकी मदद से वे सभी गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकल गए। जब तक ग्रामीण गाड़ी की आग बुझा पाते तब तक कार जल चुकी थी। ग्रामीण अजय सैनी तथा विशाल सैनी ने बताया कि गाड़ी में आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें नलकूप से पानी भरकर लाने का भी समय नहीं मिला और गाड़ी जल गई। गनीमत रही कि गाड़ी में बैठे लोग सकुशल बच गए।