बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर पुलिस ने रविवार की सुबह महमूद मजरा रायेपुर के जंगल में छापा मारकर गोकशी करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि उसके छह साथी मौके से भाग निकले। पुलिस को मौके से 3.5 क्विंटल मांस, गोकशी करने के उपकरण और दो मोटरसाइकिल बरामद की। पकड़े गए आरोपी और उसके फरार साथियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी विरेश पाल गिरि ने बताया रविवार को सुबह के समय मुखबिर से सूचना मिली की कि 6-7 लोग महमूद मजरा रायेपुर के जंगल मे गोकशी कर रहे हैं। उन्होंने उपनिरीक्षक सुशील कुमार, रमेश सिंह, हैड कांस्टेबल जमुना दास, कांस्टेबल सचिन कुमार व विवेक तिवारी आदि पुलिसकर्मियों की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने गोकशी कर रहे केसर पुत्र अनवर निवासी महमूद मजरा को गिरफ्तार किया, जबकि उसके अन्य छह साथी मौके से भाग निकले। पुलिस को मौके से 3.5 क्विंटल मांस मिला, इसकी जांच में प्रथम दृष्टया गोमांस होने की बात बताई है। गोकशी करने के उपकरण, दो मोटर साइकिल बरामद हुई हैं। गिरफ्तार आरोपी समेत उसके फरार साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी ने बताया फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।