महमूद अली को न्यायिक रिमांड पर भेजा।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में न्यायालय ने पूर्व एमएलसी महमूद अली की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए और बढ़ा दी है। अब कोर्ट में उसकी पेशी 18 अगस्त को होगी। महमूद अली बीती 18 जुलाई से जेल में बंद है।
पुलिस ने महमूद अली को थाना मिर्जापुर में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में गत 17 जुलाई को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया था। अगले दिन न्यायालय में पेश किया गया था। विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट मयंक प्रकाश ने बहस सुनने के बाद महमूद अली को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
यह भी पढ़ें: चोरों का आतंक: ATM से कैश लूटने आए थे चोर, आग लगने पर गैस कटर मशीन व छोटा सिलिंडर छोड़कर फरार
बता दें कि गत 22 जुलाई को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महमूद अली की न्यायिक हिरासत चार अगस्त तक बढ़ाई थी। विशेष लोक अभियोजक एमपी एमएलए कोर्ट गुलाब सिंह ने बताया कि गुरुवार को फिर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से महमूद अली की पेशी हुई। कोर्ट ने उसकी अग्रिम 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है। अब 18 अगस्त को महमूद अली की पेशी होगी।