पुलिस ने किया सेवानिवृत्त रेलकर्मी के बेटे की हत्या का खुलासा
ससुर और एक लड़की गिरफ्तार
रामपुर मनिहारान। युवक की गोली मार की गई हत्या के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने उसके ससुराल पक्ष के चार लोगों और एक युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी युवती और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सेवानिवृत्त रेल कर्मी महेंद्र कुमार पुत्र हरीचंद निवासी तोता चौक रामलोक कॉलोनी के 35 वर्षीय बेटे महेश उर्फ मोनू का गोली लगा शव शुक्रवार को रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव रेड़ी मलकपुर में सड़क किनारे पड़ा मिला था। दो साल पूर्व मोनू की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसका मुकदमा उस पर चला रहा था। मोनू की हत्या के मामले में महेंद्र की तरफ से उसके ससुर नवाब सिंह और दोनों सालों जोनी, जैकी पुत्र नवाब सिंह निवासीगण सुहागनी थाना नागल के साथ ही नवाब सिंह के दामाद सोनू पुत्र कंवरपाल निवासी शारदानगर तथा एक अज्ञात लड़की के खिलाफ हत्या के साथ ही आपराधिक षड्यंत्र रचने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि एक लड़की पिछले कई दिन से उसके संपर्क में थी जो उससे शादी करने की बात कह रही थी। घटना वाले दिन वह युवती उनके घर भी आई थी जिसे छोड़ने के लिए ही मोनू घर से निकला था। उसके बाद मोनू का गोली लगा शव पड़ा मिला। एसओ कुलदीप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने नवाब सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो अंजलि नाम की लड़की का नाम सामने आया जो कपासी गांव की रहने वाली है। नवाब और अंजलि को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।