प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर किया गया माल्यार्पण
शनिवार सुबह कस्बे में स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा को दूध से स्नान कराकर साज-सज्जा की गई। इसके बाद क्षत्रिय समाज के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
क्षत्रिय महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष नाथी सिंह पुंडीर ने ग्राम प्रधान शिवकुमार राणा, पूर्व प्रधान कालूराम और अन्य साथियों के साथ रामपुर तिराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों में हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
बाइक, ट्रैक्टर और कार रैली से किया स्मरण
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर क्षेत्र में बाइक, ट्रैक्टर और कार रैली भी निकाली गई। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने साथियों के साथ रैली निकालकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया।
शिमलाना स्थित महाविद्यालय और इंटर महाविद्यालय परिसर में स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां महाविद्यालय अध्यक्ष कर्ण सिंह, कार्यवाहक प्रधानाचार्य दुष्यंत सिंह, ग्राम प्रधान सतीश उर्फ काका, चेयरमैन महेश राणा, मंडल अध्यक्ष रविंद्र ठाकुर, महामंत्री ऋषिपाल सिंह और नितिन राणा सहित कई लोग मौजूद रहे।
इससे पहले महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वहीं मिर्जापुर गांव में भी ग्रामीणों और युवाओं ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
आयोजन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक, क्षेत्राधिकारी देवबंद अभितेष सिंह, बड़गांव थानाध्यक्ष अमित नागर सहित नागल, नानौता, तीतरों और गंगोह थाना क्षेत्रों के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन भी मौके पर तैनात किया गया था।
इन स्थानों पर रही विशेष तैनाती
बड़गांव, शिमलाना, मिर्जापुर और अंबेहटा चांद समेत बड़गांव-मल्हीपुर मार्ग पर कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।