सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों मुठभेड़ में ढेर हुए एक लाख के इनामी बदमाश इमरान के मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि उप जिला मजिस्ट्रेट सदर सुबोध कुमार इसकी जांच करेंगे। इसके साथ ही मुठभेड़ से संबंधित किसी भी व्यक्ति को मौखिक या लिखित में कोई साक्ष्य देना है तो वह 18 अककूबर तक दे सकता है।
5 अक्तूबर की रात गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक से दो बदमाशों ने बाइक लूट ली थी। इसके बाद गागलहेडी थाना पुलिस उनके पीछे लग गई। वायरलैस पर सूचना फ्लैश होने के बाद सरसावा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने भी टीम के साथ चेकिंग शुरू कर दी। अगवानहेड़ा गांव के पास दोनों थाना पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई थी, जबकि दूसरा मौके से भाग गया था। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई थी।
मुठभेड़ के दौरान हाथ में गोली लगने से गागलहेड़ी थाना प्रभारी प्रवेश कुमार भी घायल हो गए थे। वहीं मृतक बदमाश की पहचान शामली के सोंटा रसूलपुर गांव निवासी इमरान के रूप में हुई थी। बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। अब इस मामले में जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।