सहारनपुर के देवबंद मदरसे के साथियों के साथ दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर जा रहे बिहार के छात्र की कार की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मौके से कार चालक को हिरासत में लिया।
बिहार के गांव बोकरा मिसराहा अररिया निवासी दिलशाद (12) देवबंद मंगलौर मार्ग स्थित मदरसा तालीमुल कुरआन हमीदिया में हाफिज की पढ़ाई कर रहा था। उसने इसी वर्ष मदरसे में दाखिला लिया था।
मंगलवार की रात्रि उसे बुखार हो गया। वह अपने कुछ साथियों के साथ हाशिमपुरा गांव में स्थित मेडिकल स्टोर से दवाई लेने के लिए गया तो तेज गति कार की चपेट में आ गया।
बुरी तरह कुचल जाने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान जानकारी मिलने पर मदरसा छात्र और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार चालक को दबोच लिया। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने बुधवार को दारुल उलूम जकरिया में पढ़ने वाले मृतक के भाई मौ. कामिल की तहरीर पर रामपुरी मुजफ्फरनगर निवासी कार चालक नरेंद्र उर्फ मोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। वहीं, दिलशाद की अचानक हुई मौत से मदरसा छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
बुधवार को मदरसे में उसके लिए दुआएं मगफिरत भी की गई।