सहारनपुर। एमए इतिहास द्वितीय वर्ष (व्यक्तिगत) की परीक्षा में गलतियों वाला प्रश्नपत्र (विषय कोड जी- 444) का वितरण किए जाने पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने उक्त पेपर की परीक्षा निरस्त कर दी। अब उक्त पेपर की परीक्षा 13 अगस्त को होगी।
अमर उजाला ने एक अगस्त के अंक में यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एमए इतिहास द्वितीय वर्ष (व्यक्तिगत) के प्रश्नपत्र विषय कोड जी- 444) की परीक्षा 31 जुलाई को हुई थी। इसमें प्रश्नपत्र में कई गलतियां मिलीं थीं। प्रश्नपत्रों के अलग अलग बुकलेट में क्रमांक बदल गए थे तो 20 से ज्यादा प्रश्नों की पुनरावृत्ति थी। परीक्षा में शामिल छात्र छात्राओं ने चिंता जताई थी कि जब कॉपियों का मूल्यांकन ओएमआर शीट से होगा तो परीक्षा परिणाम गलत हो सकता है, क्योंकि कई प्रश्नों के क्रमांक बदले हुए थे।
उधर, एक दिन पहले ही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव (परीक्षा) ने निर्देश दिया है कि 31 जुलाई को हुई एमए इतिहास द्वितीय वर्ष (व्यक्तिगत) की विषय कोड जी - 444 (न्यू) के कुछ प्रश्नपत्र कोड में प्रिटिंग त्रुटि होने के कारण यह परीक्षा निरस्त कर दी गई है। अब इस विषय के समस्त छात्र-छात्राओं की परीक्षा 13 अगस्त को अपराह्न साढ़े तीन से पांच बजे तक पूर्व घोषित परीक्षा केंद्रों में होगी।