स्क्रैप कारोबारियों से लूट का खुलासा, 26 लाख बरामद
सहारनपुर। गागलहेड़ी क्षेत्र में स्क्रैप कारोबारियों से 27 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने 26 लाख रुपये नगदी, अवैध पिस्टल और कार बरामद की है।
एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव सोना सैय्यद माजरा में दिल्ली के मोहल्ला शास्त्री पार्क बुराड़ी निवासी रोहित शर्मा, रोहिणी निवासी नटवर सिंह, मेरठ के टीपीनगर निवासी मोहित बुधवार को स्क्रैप खरीदने गागलहेड़ी आए थे। यहां पर ठेकेदार संदीप ने साथियों के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबारियों से हथियारों के बल पर 27 लाख रुपये की नकदी लूट ली और साथियों के साथ जंगल के रास्ते फरार हो गया। इन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
देर रात थाना गागालेहड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दया शुगर मिल के पास गांव हरियाबांस मार्ग पर बदमाशों की घेराबंदी कर ली। मुठभेड़ के बाद आरोपी संदीप कुमार निवासी ग्राम करील थाना मुरसान हाथरस (हाल निवासी मोहल्ला कोशरपुर मंदिर वाली गली थाना न्यू आगरा) और सोहनवीर उर्फ सोनू निवासी नंगला महापत थाना राया जनपद मथुरा को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथी सचिन चौधरी निवासी गांव नगला महापत और सचिन निवासी गांव सोनई जनपद मथुरा फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों से 26 लाख की नकदी, अवैध पिस्टल और एक कार बरामद की गई। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पूरे दिन किया गुमराह, मध्य प्रदेश से लाए थे पिस्टल
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। स्क्रैप कारोबारियों को पूरे दिन आरोपियों ने गुमराह करके रखा था। स्क्रैप देने की बजाय वह कारोबारियों को इधर-उधर घुमाते रहे और शाम के समय वारदात कर फरार हो गए। आरोपी अवैध पिस्टल को मध्य प्रदेश से खरीदकर लाए थे, जिसके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
भागना चाहते थे मथुरा, समय रहते दबोचे
आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देकर मथुरा भागने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस टीम को डीआईजी ने दिया 25 हजार का इनाम
एसएसपी ने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना गागलहेड़ी प्रभारी सतेंद्र कुमार राय, एसएसआई सतेंद्र नागर, एसआई गंभीर सिंह, कांस्टेबल अनुज सिरोही, रोहित राणा और विनीत तोमर शामिल रहे। डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।