चिलकाना। नगर पंचायत सुल्तानपुर में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों पर लटके ताले प्रधानमंत्री द्वारा चलाए गए अभियान स्वच्छ भारत मिशन की पोल खोल रहे हैं।
कस्बे में बने सार्वजनिक शौचालयों पर अक्सर ताले लटके मिलते हैं। इस कारण आसपास के दुकानदार एवं राहगीर खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इन शौचालयों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया था। नगर पंचायत द्वारा रैन बसेरे के पास बनाए शौचालय, फिरोजाबाद तिराहे तथा मोहल्ला मजहर हसन में बनाए गए सार्वजनिक शौचालय बंद हैं।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा शौचालयों में लगी टोंटियां चोरी कर ली हैं तथा वहां तोड़फोड़ भी की गई है।
सार्वजनिक शौचालयों को चलाने के लिए केयर टेकर की आवश्यकता है, लेकिन नगर पंचायत के पास इतने संसाधन नहीं हैं। सरकार से मेंटीनेंस तथा केयरटेकर के लिए डिमांड की जाएगी।