सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित मैदान में शुक्रवार को वृहद ऋण शिविर लगाया गया। इसमें 236 लोगों को 55 करोड़ रुपये का ऋण के स्वीकृति पत्र दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। वृहद ऋण शिविर का उद्देश्य केवल ऋण वितरण ही नहीं, बल्कि यह है कि लाभार्थी सही जानकारी, सही मार्गदर्शन और आवश्यक समर्थन के साथ आत्मनिर्भर बन सके। लीड बैंक पीएनबी से एफएलसी शान हुसैन ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए 1930 टोल फ्री नंबर के बारे में बताया।
एलडीएम कृशाणु दास ने कहा कि बैंक उद्यमियों और स्वयं का रोजगार शुरू करने वालों की मदद के लिए तैयार है। सरकारी और बैंकिंग योजनाओं का लाभ उठाकर युवा रोजगार देने वाले बन सकते हैं। बैंकिंग और ऋण संबंधी जानकारी विभिन्न बैंकों ने स्टालों पर लाभार्थियों को दी। साथ ही आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया।