दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद शव को जिला अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस।
सहारनपुर। एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद जिस समय भीड़ कार के ऊपर से बजरी हटा रही थी तभी अंदर से कुछ आवाजें भी आ रही थीं। प्रत्यक्षदर्शी संजीव कुमार, राजीव और दिनेश आदि ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि मानों अंदर कोई सिसक रहा हो, लेकिन जब तक बजरी हटाई गई तब सभी आवाजें खामोश हो चुकी थीं। बताया जा रहा है कि उस समय तक संदीप की सांसें चल रही थीं। जिस कार से संदीप अपने मामा के यहां जा रहे थे, वह उसके बड़े भाई प्रदीप की शादी में आई थी। कार संदीप चला रहा था। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के अंडरपास में कार पर बजरी से लदा डंपर पलट गया। हालत यह रही कि किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल में भारी पुलिस फोर्स
हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर एसबीडी जिला अस्पताल में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। जिला अस्पताल में एसपी सिटी व्योम बिंदल के साथ थाना सदर बाजार, जनकपुरी और शहर कोतवाली पुलिस तैनात रही। घटनास्थल पर एसपी देहात सागर जैन, सीओ प्रथम मुनीश चंद्र, सीओ सदर प्रिया यादव के अलावा चिलकाना, सरसावा, फतेहपुर, गागलहेड़ी थाने की पुलिस रही।
-
अंडरपास में हो बिजली की व्यवस्था
मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम मनीष बंसल ने एनएचएआई कर्मचारी को बुलाकर सख्त निर्देश दिए कि अंडरपास में बिजली की व्यवस्था हो। इसके अलावा दोनों सर्विस रोड पर ब्रेकर लगाए जाए, ताकि हादसों को रोका जा सके।