यूपी बोर्ड परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए अपर मुख्य सचिव ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बीते दिनों उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद हुई फजीहत के बाद सरकार किसी भी परीक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती है। अब यूपी बोर्ड परीक्षाओं में ना केवल प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी व शिक्षक कमर कस चुके हैं। वहीं परीक्षा में नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए एलआईयू और एसटीएफ को भी सक्रिय कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव अराधना शुक्ला ने इसके लिए आदेश जारी किए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं, जिनके शुरू होने में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं। एक ओर जहां नकल पर नकेल कसने के लिए पूर्व की तरह प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी व वायस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। वहीं सचल दस्तों का गठन किया जा रहा है। परीक्षाओं में नकल माफिया किसी भी तरह से सफल ना हो सकें। इसके लिए शासन, प्रशासन और विभागीय स्तर से तैैयारी कर ली गई है। अपर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किए हैं कि समाजविरोधी तत्वों तथा नकल में संलिप्त बाह्य लोगों पर अंकुश लगाने के लिए एलआईयू के माध्यम से अभिसूचना एकत्रित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय किए जाएं। इतना ही नहीं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर आवश्यकता के अनुसार एसटीएफ तैनात की जाए, जिससे नकल की कोई गुंजाइश ही ना बचे।
परीक्षा केंद्रों के आसपास शस्त्र ले जाना प्रतिबंधित
शासन ने आदेश जारी किए हैं कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा केंद्रों पर तैनाती सुरक्षाकर्मियों के अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति शस्त्र लेकर नहीं जाएगा। केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में भी कोई ऐसा नहीं कर सकेगा। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत दंडित करने की कार्रवाई की जाएगी।
सचल दल में रहेगा सशस्त्र बल
यूपी बोर्ड परीक्षाओं में शासन ने संवेदनशील जनपदों के परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को एक विशेष सचल दल के गठन के आदेश शासन ने दिए हैं। इस दल में सशस्त्र पुलिस बल सहित राजकीय विद्यालयों के शिक्षक शामिल रहेंगे। जो केंद्रों का औचक निरीक्षण कर नकल पर अंकुश लगाने का काम करेंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए शासन स्तर से कई तरह के आदेश मिले हैं, जिनका अनुुपालन जिला प्रशासन और विभाग के द्वारा किया जा रहा है। चूंकि परीक्षाएं शुरू होने में अब कम ही दिन बचे हैं। ऐसे में हमने सभी तैयारियां दुरुस्त कर ली गई हैं। यदि कोई नकल कराने में संलिप्त पाया जाता है तो उसकी खैर नहीं होगी। - रवि दत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक